राष्ट्रीय बालिका दिवस पर खण्डेलवाल कॉलेज में संतुलित आहार और महिला सुरक्षा पर विशेष सत्र
प्रभात संवाद, 25 जनवरी जयपुर। खण्डेलवाल वैश्य गर्ल्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की इकाई प्रथम और द्वितीय के संयुक्त तत्वावधान में 24 जनवरी को राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्राओं को स्वास्थ्य, पोषण और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अंजु गुप्ता के प्रेरणादायक उद्बोधन से हुई। उन्होंने बालिकाओं को संतुलित आहार और आत्मनिर्भरता के महत्व पर जोर देते हुए एक स्वस्थ और सुरक्षित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। फ्रूबोन कंपनी की ब्रांड मैनेजर नेहा शर्मा ने “संतुलित आहार” पर विशेष सत्र का संचालन किया। उन्होंने संतुलित आहार के शारीरिक और मानसिक विकास में योगदान, अस्वस्थ खानपान के दुष्प्रभाव और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के व्यावहारिक उपायों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने छात्राओं को बजट-अनुकूल पोषण युक्त आहार अपनाने के उपयोगी सुझाव भी दिए। महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए निर्भया स्क्वाड से महिला कांस्टेबल संजू और सुमन ने सत्र का आयोजन किया। उन्होंने छात्राओं को आपातकालीन स्थितियों में आत्मरक्षा के तरीकों और पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को अपनी सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और निर्भीक होकर समाज में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में प्रश्न-उत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विशेषज्ञों से अपने सवालों के समाधान प्राप्त किए। यह आयोजन न केवल छात्राओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सफल रहा, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनने के लिए प्रेरित भी किया।
शेखर झा