मुख्यमंत्री भजनलाल ने स्व. कर्नल लक्ष्मण सिंह को पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि, मंत्री राज्यवर्धन और परिवार को बंधाया ढांढस
प्रभात संवाद, 7 फरवरी, जयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को कैबीनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड के निजी निवास पर पहुंचकर उनके पिता स्व. कर्नल लक्ष्मण सिंह राठौड की पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। श्री शर्मा ने कर्नल लक्ष्मण सिंह के निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए और परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। इस दौरान उप मुख्यमंत्री डाॅ. प्रेमचंद बैरवा, वन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री संजय शर्मा, सैनिक कल्याण मंत्री श्री विजय सिंह, गृह राज्य मंत्री श्री जवाहर सिंह बेढम आदि जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
शेखर झा